मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 के 10वें संस्करण अंतर्गत मध्यप्रदेश के 9 शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश के शहरों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा इस उपलब्धि के लिए सभी नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों एवं नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने स्वच्छता को जन-भागीदारी, सामूहिक प्रयास और सतत प्रतिबद्धता का परिणाम बताते हुए स्वच्छ एवं सुंदर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरस्कार विजेता शहरों इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी एवं देपालपुर के प्रतिनिधियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया तथा सभी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
Harda, Harda | Nov 11, 2026