स्कूल चलो अभियान की समीक्षा बैठक में 100 प्रतिशत नामांकन पर जोर
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित स्कूल चलो अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ड्रॉपआउट एवं आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान कर उनका प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर नामांकन अभियान की सतत निगरानी करने को कहा। साथ ही अभिभावकों को जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजें।
सीडीओ ने कहा कि नामांकन बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
बैठक में डायट के प्राचार्य रामेंद्र सिंह, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभाष कुंवर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jul 14, 2026