700 विद्यार्थियों ने एक साथ लिखी प्रेम बिहारी नारायण रायजादा की जीवनी, ग्रेट इंडियन बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज
डीडवाना।पूजा इंटरनेशनल एकेडमी, डीडवाना में भारतीय संविधान की मूल प्रति को अपनी कैलिग्राफी से सजाने वाले महान सुलेखक प्रेम बिहारी नारायण रायजादा की 125वीं जयंती के अवसर पर भव्य बायोग्राफी राइटिंग एवं इंग्लिश हैंडराइटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में करीब 700 विद्यार्थियों ने एक साथ एक जैसी अंग्रेजी हैंडराइटिंग और कैलिग्राफी शैली में रायजादा की जीवनी लिखकर अनुशासन और एकाग्रता का परिचय दिया। इस सामूहिक उपलब्धि को ग्रेट इंडियन बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज किया गया। संस्था के निदेशक डॉ. रणजीत सिंह राठौड़ को ग्रेट इंडियन बुक ऑफ रिकार्ड्स की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में अतिथि के रूप में डॉ. गजदान चारण, डॉ. वीरेंद्र मंगल भाटी तथा सीए एवं डॉ. मुकेश रुवाटिया मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुलेख कला, एकाग्रता, अनुशासन व रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ भारतीय संविधान निर्माण से जुड़े महान व्यक्तित्वों के जीवन से अवगत कराना था।इस अवसर पर विद्यालय निदेशक डॉ. रंजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर सही अवसर देना आवश्यक है। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार जताया।
Didwana, Nagaur | Nov 21, 2026