#भरतपुर। इकरान गौशाला में गोवंश की दुर्दशा पर महापौर अनुराधा सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। गौशाला के औचक निरीक्षण के दौरान गोवंश के लिए खराब गुणवत्ता का चारा, दूषित पेयजल और अस्वस्थ पशुओं के इलाज में भारी लापरवाही देखने को मिली। इन अव्यवस्थाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए महापौर ने गौशाला प्रभारी और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि बेजुबान पशुओं की देखभाल में कोई भी कोताही सहन नहीं की जाएगी और बीमार गोवंश के तत्काल उपचार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चारा व स्वच्छ पानी की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। महापौर ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था दोबारा पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।