*अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल निर्धारित गंतव्य स्थलों के लिए रवाना*
*स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए कार्मिक टीम भावना से करें कार्य-जिला निर्वाचन अधिकारी*
*हर मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात, जिला प्रशासन प्रत्येक कदम पर मतदान दलों के साथ*
भरतपुर, 2 नवम्बर। पंचायत आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत जिले में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सोमवार को मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित कर गंतव्य स्थलों के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित चुनाव सम्पन्न कराने में मतदान दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्मिक टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता से चुनाव सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए सभी दायित्व निर्भीकता एवं जिम्मेदारी के साथ निभाएं। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असमंजस की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। जिला प्रशासन प्रत्येक कदम पर मतदान दलों के साथ है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों एवं निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए चुनाव से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी प्रत्याशी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें, ताकि आमजन में चुनाव की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता का संदेश जाए। उन्होंने मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी मतदान दलों को निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए मतदान के दौरान भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने का आव्हान किया।
इस दौरान मतदान दल गठन प्रभारी सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, डीएफओ चेतन कुमार बीवी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, एडीएम सिटी राहुल सैनी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल सिंह बुरड़क, एडीएम शहर राहुल सैनी, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी मुनिदेव यादव, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा एवं आलोक सिंह, कोषाधिकारी डॉ. लोकेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी नदबई सचिन यादव एवं उपखंड अधिकारी भरतपुर भारती गुप्ता, उपखंड अधिकारी बयाना अलका श्रीवास्तव सहित चुनाव प्रकोष्ठ के प्रभारी मौजूद रहे।
*3 नवम्बर को ईवीएम तथा 5 नवम्बर को मतपत्र से होगा मतदान*
जिले में 3 नवम्बर को पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। वहीं, 5 नवम्बर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतपत्र के माध्यम से मतदान होगा। तृतीय चरण में जिले की 156 ग्राम पंचायतों में कुल 543 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। निर्वाचन कार्य के लिए 3,636 मतदान कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। इनमें पंचायत समिति बयाना की 56 ग्राम पंचायतों में 188 मतदान केंद्र, भुसावर की 29 ग्राम पंचायतों में 100 मतदान केंद्र, नदबई की 42 ग्राम पंचायतों में 156 मतदान केंद्र तथा वैर की 29 ग्राम पंचायतों में 99 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
*चार पदों के लिए होगा निर्वाचन*
तृतीय चरण के चुनाव में जिले में 1,612 वार्ड पंचों, 156 सरपंचों, 98 पंचायत समिति सदस्यों तथा 19 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया जाएगा।
*दो पारियों में रवाना हुए मतदान दल*
मतदान दलों को दो पारियों में रवाना किया गया। प्रथम पारी में बयाना एवं भुसावर तथा द्वितीय पारी में वैर एवं नदबई के मतदान दल रवाना किए गए। निर्वाचन कार्य के लिए प्रथम पारी में बयाना एवं भुसावर के 1,934 तथा द्वितीय पारी में वैर एवं नदबई के 1,702 मतदान कार्मिक नियुक्त किए गए हैं।
---00---