आपदा मित्र प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 100 प्रतिभागियों को दिया आपदा प्रबंधन एवं बचाव तकनीकों का प्रशिक्षण
भूकंप सहित विभिन्न आपदाओं से बचाव के लिए सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला रतलाम की होमगार्ड लाइन में सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ श्रीमती रोशनी बिलवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस आपदा प्रबंधन का परिचय, आपदाओं के प्रकार एवं आपदा मित्र की भूमिका के संबंध में श्रीमती रोशनी बिलवाल द्वारा जानकारी दी गई। श्रीमती ज्योति बघेल, प्लाटून कमांडर द्वारा आपदा की पूर्व तैयारी, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, योजना निर्माण तथा भूकंप के कारणों एवं सुरक्षा के मूलभूत नियमों की जानकारी दी गई। सैनिक श्री यश तोमर द्वारा भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया।
सैनिक 1204 श्री तुषार भट्ट द्वारा मानव शरीर की संरचना के संबंध में जानकारी दी गई। एसडीआरएफ टीम द्वारा भूकंप के दौरान उपयोग में आने वाली विभिन्न सुरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 आपदा मित्र उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित दायित्वों के निर्वहन के लिए सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्रीमती रोशनी बिलवाल के नेतृत्व में कंपनी कमांडर श्री बद्री मण्डलोई, श्रीमती ज्योति बघेल तथा होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवानों द्वारा किया जा रहा है।#jansampark #ratlam
#MadhyaPradesh
22 views | Ratlam, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026