नेशनल लोक अदालत में 1821 प्रकरणों का निराकरण, 9.87 करोड़ रुपये से अधिक के अवार्ड पारित
37 खण्डपीठों में हुई सुनवाई, लगभग 2500 व्यक्ति लाभान्वित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय रतलाम के ए.डी.आर. भवन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री नीना आशापुरे ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया।
नेशनल लोक अदालत में सम्पूर्ण जिले में गठित 37 खण्डपीठों के माध्यम से न्यायालय में लंबित समझौता योग्य 2052 प्रकरणों में से 1821 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में लगभग 2500 व्यक्ति लाभान्वित हुए तथा कुल 9 करोड़ 87 लाख 77 हजार 575 रुपये के अवार्ड पारित किए गए।
मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में 89 मामलों का निराकरण करते हुए 4 करोड़ 9 लाख 35 हजार रुपये के अवार्ड पारित किए गए। ट्रैफिक चालान के 728 मामलों का निराकरण कर कुल 1 लाख 47 हजार 700 रुपये की राशि जमा कराई गई। उपभोक्ता फोरम के 5 लंबित प्रकरणों का भी निराकरण किया गया, जिनमें 19 लाख 37 हजार 252 रुपये के अवार्ड पारित किए गए।
प्री-लिटिगेशन अर्थात मुकदमा पूर्व प्रकरणों में बैंकों, फायनेंस कंपनियों, बीएसएनएल, नगर निगम आदि से संबंधित 4592 प्रकरणों में से 1195 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में 1 करोड़ 93 लाख 8 हजार 101 रुपये की राशि जमा कराई गई तथा 1200 से अधिक व्यक्ति लाभान्वित हुए।
नगर निगम रतलाम एवं अन्य नगर पालिका परिषदों से संबंधित जलकर एवं संपत्तिकर के 568 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 1 करोड़ 38 लाख 57 हजार 782 रुपये की राशि जमा कराई गई। समाचार लिखे जाने तक नगर निगम से संबंधित प्रकरणों के निराकरण एवं कलेक्शन की प्रक्रिया जारी थी।
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व न्यायालय से संबंधित 172 फौजदारी प्रकरण एवं 185 राजस्व प्रकरणों का भी निराकरण किया गया।
नेशनल लोक अदालत के अवसर पर लीड बैंक मैनेजर के मार्गदर्शन में बैंक मैनेजर श्री हरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा आमजन के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम को आर.ओ. मशीन भेंट की गई। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री रामजी गुप्ता, विशेष न्यायाधीश श्री रवीन्द्र प्रताप सिंह चुण्डावत, जिला न्यायाधीश श्री निर्मल मण्डोरिया सहित समस्त न्यायाधीश उपस्थित रहे। ए.डी.आर. भवन में आकर्षक सजावट एवं रंगोली भी बनाई गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव/न्यायाधीश श्री नीरज पवैया, न्यायाधीश सुश्री पूनम तिवारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ रतलाम श्री राकेश कुमार शर्मा, सचिव श्री चेतन केलवा, लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती आशा शाक्यवार, एल.डी.एम. श्री एम.एल. मीणा, बैंक मैनेजर एवं अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, बीएसएनएल के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता सदस्य, पैरालीगल वालेंटियर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी सहित पक्षकारों एवं पत्रकारों का सक्रिय सहयोग रहा।#jansampark #ratlam
#MadhyaPradesh
13 views | Ratlam, Madhya Pradesh | Sep 12, 2026