**कोहरे में हादसों से बचाएगी रिफ्लेक्टिव टेप, 50 वाहनों पर लगाई गई**
--सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग की पहल
--टैक्सी-ऑटो और बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक; मेडिकल कॉलेज में कार्यशाला आयोजित
शाहजहांपुर। कोहरे के मौसम में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत शुक्रवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिओम ने टैक्सी, ऑटो रिक्शा और बस यूनियन के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षित यातायात संचालन के निर्देश दिए। वहीं रोजा शुगर वर्क्स में करीब 50 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, जिससे कोहरे और कम दृश्यता के दौरान वाहन दूर से दिखाई दे सकें। परिवहन विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रोजा शुगर वर्क्स में आयोजित कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हरिओम, एवीपी (केन) अवधेश चंद्र गुप्ता, जीएम (केन) अजय पाल सिंह, डिप्टी जीएम (केन) अनिल सिंह चौहान और सुरक्षा प्रभारी नरेंद्र मलिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने गन्ना किसानों और अन्य वाहन चालकों को कोहरे के मौसम में वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर ही संचालन करने के लिए जागरूक किया। युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वरुण-अर्जुन मेडिकल कॉलेज में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सर्वेश कुमार सिंह, यातायात निरीक्षक विनय कुमार पांडेय, कॉलेज के प्राचार्य आरएन शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारी ललित चौहान, यातायात इंचार्ज विकास गैरौला और दीपक ओबेराय सहित बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यशाला में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क पर सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया गया।
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वाहन निर्धारित नियमों के अनुसार ही चलाएं। कोहरे के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें और वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप जरूर लगवाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026