### धरा-बकीपुर की पहाड़ियों में अवैध ब्लास्टिंग के विरोध में भड़के किसान, मंगलवार को होगा धरना
यूनाइटेड भारत बारा | मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज, बारा। भारतीय किसान यूनियन प्रयाग के जिलाध्यक्ष ऋषि पांडे के नेतृत्व में धरा एवं बकीपुर की पहाड़ियों पर कथित तौर पर चल रही अवैध ब्लास्टिंग के विरोध में रविवार को किसानों, ग्रामीणों और मजदूरों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर चल रहा ब्लास्टिंग कार्य रुकवाने का दावा किया गया।
जिलाध्यक्ष ऋषि पांडे ने कहा कि पहाड़ियों पर हो रही भारी ब्लास्टिंग से क्षेत्र के लोगों, किसानों और मजदूरों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन प्रयाग ने घोषणा की है कि मंगलवार को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रयागराज पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। संगठन ने कहा कि यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनकारी वहीं से लखनऊ कूच करेंगे।
Bara, Allahabad | Aug 23, 2026