नैनीताल में पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर 100 फीट गहरी खाई में गिरा, 20 घायल!!
रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे के पास हुआ हादसा, छह गंभीर घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया; एक यात्री वाहन के नीचे दबा, रेस्क्यू जारी!!
नैनीताल। जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार करीब 20 पर्यटक घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में हरियाणा, फरीदाबाद और दिल्ली के पर्यटक सवार थे। वाहन मुक्तेश्वर से भवाली की ओर जा रहा था। रामगढ़ क्षेत्र में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सड़क किनारे पैराफिट तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
गनीमत रही कि टेंपो ट्रैवलर खाई में नीचे पेड़ों के बीच जाकर अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बीच जवानों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में पुलिस और एसडीआरएफ का सहयोग किया।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को एक-एक कर खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ भेजा गया। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि एक यात्री अभी भी वाहन के नीचे दबा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम कटर की मदद से वाहन को काटकर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।