श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया हुई सरल, विभाग ने बढ़ाई सुविधाएं!!
निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिक अब सीएससी केंद्रों और मोबाइल के माध्यम से करा सकेंगे पंजीकरण एवं नवीनीकरण!!
रुद्रप्रयाग जनपद में निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों के लिए श्रम विभाग ने पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बना दिया है। विभाग द्वारा कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन, मनरेगा श्रमिकों सहित निर्माण कार्य से जुड़े सभी पात्र श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार पुरोहित ने बताया कि श्रमिक नए पंजीकरण के साथ-साथ पूर्व में किए गए पंजीकरण का नवीनीकरण भी आसानी से कर सकते हैं। इसके लिए जनपद के तीनों विकासखंडों में दो-दो कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) नामित किए गए हैं, जहां श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग द्वारा टोकन व्यवस्था भी लागू की गई है। इससे पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक भीड़ और प्रतीक्षा की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा श्रमिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी ऑनलाइन पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने निर्माण क्षेत्र से जुड़े सभी पात्र श्रमिकों से समय पर पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि श्रमिक श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अपने दस्तावेजों को अद्यतन रखें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण अवश्य कराएं।