मुजफ्फरपुर समाहरणालय परिसर में ओपन जिम का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत स्थापित ओपन जिम का जिलाधिकारी ने किया विधिवत उद्घाटन
मुजफ्फरपुर, 13 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत खेल विभाग, पटना द्वारा मुजफ्फरपुर समाहरणालय परिसर स्थित अप्पू पार्क में स्थापित ओपन जिम का आज जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
ओपन जिम की स्थापना का उद्देश्य शहरवासियों, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। इस ओपन जिम का निःशुल्क उपयोग शहर के खिलाड़ी, आम नागरिक एवं समाहरणालय के पदाधिकारी-कर्मी कर सकेंगे तथा नियमित व्यायाम के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल से लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ओपन जिम के माध्यम से युवाओं और खिलाड़ियों को अपने स्वास्थ्य एवं शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने के लिए एक सुलभ सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध हुई है।