कुढ़नी अंचल कार्यालय में DM का बड़ा एक्शन! 6 हल्कों के राजस्व कर्मचारियों का वेतन रोका, 2 पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। दाखिल-खारिज के मामलों में लापरवाही और बड़ी संख्या में आवेदन लंबित मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। दरियापुर कफेन और चैनपुर वाजिद के राजस्व कर्मचारियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया गया है। वहीं माधोपुर, लदौरा, सकरी सरैया और कुढ़नी हल्का के राजस्व कर्मचारियों का वेतन भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि राजस्व कार्यों में शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोष प्रमाणित होने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्रपत्र-क गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।
वहीं परिमार्जन के 1,650 आवेदन सीओ के लॉग-इन में लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को अंतिम चेतावनी दी और समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने आम लोगों की शिकायतें भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान कराया। इसके बाद चदुआ पंचायत में अभियान बसेरा शिविर का निरीक्षण कर पात्र लोगों से बिहारभूमि पोर्टल या शिविर के माध्यम से आवेदन करने की अपील की।
#Muzaffarpur #Kudhni #DMKumarGaurav #BiharNews #TirhutNow