बलिया में बाढ़ की विकट स्थिति के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सपा नेताओं की सक्रियता को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अवलेश सिंह ने कहा कि बाढ़ की इस विकट घड़ी में जनता के बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सनातन पांडेय और सपा के विधायक व नेता लगातार दिखाई दे रहे हैं। वे प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता बाढ़ से परेशान है, गांवों में पानी भरा है और हजारों परिवार संकट का सामना कर रहे हैं, तब डबल इंजन सरकार के विधायक, सांसद और मंत्री कहां हैं? अवलेश सिंह ने कहा कि जनता को इस समय दावों की नहीं, बल्कि जमीन पर मौजूद जनप्रतिनिधियों की जरूरत है।
सपा राष्ट्रीय सचिव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संकट की घड़ी में ही यह पता चलता है कि कौन जनता के साथ खड़ा है। उनके मुताबिक एक तरफ समाजवादी पार्टी के नेता बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा की डबल इंजन सरकार के जनप्रतिनिधियों की जमीनी मौजूदगी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। #Balliakhabar #flood #awleshsingh