बेल्थरारोड में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच उभांव थाना क्षेत्र के मालीपुर के पास 35 वर्षीय युवक की बेरहमी से जान ले ली गई।
करनी रछौली निवासी उमेश चौरसिया पर 4 से 6 हमलावरों ने बांस के डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद उमेश को आनन-फानन में सीएचसी सीयर ले जाया गया। चिकित्सक आर.बी. चौहान के मुताबिक युवक के सिर में गंभीर चोट थी, कान का पर्दा फट गया था और काफी रक्तस्राव हुआ था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे 'ब्रॉड डेड' पाया।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
लेकिन इस वारदात ने बेल्थरारोड में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच खुलेआम युवक पर हमला कर उसकी जान ले लिए जाने से पुलिस के इकबाल पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है।
अब सवाल यह है कि बेल्थरारोड में अपराधियों के हौसले आखिर क्यों बढ़ रहे हैं और पुलिस कब इन वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगा पाएगी? फिलहाल पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
#Ballia #Crime #belthararoad