बंदरों ने युवक पर किया हमला, छत से गिरा, रीढ़ की हड्डी टूटी,मानूजई में बंदरों का आतंक, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती अयान,परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर, पूर्व पार्षद ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मांगी मदद
शाहजहाँपुर। शहर के मोहल्ला मानूजई, वार्ड तिराई में बंदरों का आतंक लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। आए दिन बंदरों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को छत पर मौजूद युवक पर बंदरों ने हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में युवक छत से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट बताई गई है। युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मोहल्ला निवासी अयान सोमवार को अपने घर की छत पर था। इसी दौरान बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराया अयान अपना संतुलन खो बैठा और छत से नीचे जा गिरा। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि अयान के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पिता के न होने के बाद परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में गंभीर चोट के बाद उपचार का खर्च उठाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। घटना की जानकारी के बाद पूर्व पार्षद अजान अंसारी ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अयान के उपचार के लिए शासन से आर्थिक सहायता दिलाने और मोहल्ले में घूम रहे बंदरों को पकड़वाने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पूर्व पार्षद ने बताया कि मोहल्ले में बंदरों का आतंक नया नहीं है। कुछ वर्ष पहले बंदरों के कारण एक दीवार गिर गई थी। हादसे में एक परिवार के लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद बंदरों को पकड़ने और उनके आतंक से लोगों को निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने के साथ प्रभावित परिवारों की मदद और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम कराने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 5, 2026