बदले की आग में स्कूल बस चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 12 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार...
ग्वालियर के टेकनपुर में स्कूल बस चालक खेम सिंह यादव पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 12 घंटे से भी कम समय में तीन आरोपियों—अभिषेक यादव, अर्जुन उर्फ भीमा और शिवम यादव—को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह बड़ी अकवई के पास कार सवार बदमाशों ने बहाने से खेम सिंह को बस से नीचे बुलाया और हत्या की नीयत से उस पर कई राउंड फायर किए। घटना के वक्त बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे वर्ष 2022 में हुई सड़क दुर्घटना को लेकर पुरानी रंजिश थी, जिसमें अर्जुन उर्फ भीमा के भाई श्रीकृष्ण यादव की मौत हुई थी और परिवार खेम सिंह को इसके लिए जिम्मेदार मानता था। आरोपियों ने वारदात के लिए किराए की कार इस्तेमाल की थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। अब पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने के साथ आरोपियों से पूछताछ कर रही है।