जमुई: हर्षोल्लास के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का हुआ समापन
लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे दिन सोमवार की अहले सुबह करीब 6 बजे से छठ व्रतियों द्वारा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। इससे पूर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। घाटों पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सोमवार की सुबह से ही शहर के खैरमा, सतगामा, बिहारी, हनुमान घाट, त्रिपुरारी सिंह घाट, सूर्यनारायण घाट, गरसंडा सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग हर्षोल्लास के साथ माथे पर डलिया लेकर छठ घाट पहुंचे। कई व्रती महिलाएं दंडवत करती हुई घाट पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कीं। इस दौरान बच्चों ने भी छठ घाटों पर जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की आवाज और छठ गीतों के साथ पूरा छठ घाट गूंजता रहा। पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
इस दौरान व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपने और अपने परिवार की मंगल कामना का आशीर्वाद मांगा। घाटों पर बड़ी संख्या में छठ व्रती अपने परिवार के साथ पहुंचे और भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। उसके बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर स्थापित भगवान भाष्कर की प्रतिमा का दर्शन करते हुए पूजा-अर्चना की।
36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद सोमवार की सुबह अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण किया। एक-दूसरे को प्रसाद बांटा गया और छठ की शुभकामनाएं दी गईं। घाटों पर लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर पर्व की बधाई दी। पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिस पदाधिकारियों द्वारा घूम-घूम कर जायजा लिया जा रहा था। जिला प्रशासन द्वारा घाटों पर आवश्यक तैयारी की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के अलावा साफ-सफाई के साथ लाइट की भी व्यवस्था की गई थी और बैरिकेडिंग भी किया गया था।
घाटों पर चेंजिंग रूम, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती की गई थी। यातायात नियंत्रण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण चार दिवसीय महापर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समापन के बाद श्रद्धालु अपने-अपने घरों की ओर लौट गए। जिला प्रशासन ने महापर्व के सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, पूजा समितियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया है। #Biharkgarvchathmhaparv
#samrat4bjp #chhath #chhathpooja
Jamui, Jamui | Nov 16, 2026