बारिश में कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर मासूम की मौत
-कालाकांकर के कड़रौ कोथरिया में सुबह सात बजे हादसा, ढाई वर्षीय प्रियांश ने तोड़ा दम
प्रतापगढ़ में तेज बारिश के बीच बुधवार सुबह कालाकांकर विकास क्षेत्र के कड़रौ कोथरिया गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण कमजोर हुआ कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मलबे में दबकर करीब ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि कड़रौ कोथरिया गांव निवासी परिवार कच्चे मकान में रह रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर हो गया था। बुधवार सुबह अचानक मकान ढह गया। इसी दौरान मासूम प्रियांश मलबे की चपेट में आ गया और उसके नीचे दब गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आनन-फानन मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मासूम को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राजस्व कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल रहा।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश से क्षेत्र में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। कई मकानों की दीवारें और छतें बारिश के कारण कमजोर हो चुकी हैं। ऐसे में ग्रामीणों को हादसे की आशंका सता रही है। मासूम प्रियांश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।