*थाने में युवक की मौत मामले में कोतवाल व विवेचक निलंबित*
प्रतापगढ़ जिले के पट्टी कोतवाली परिसर में सोमवार को 22 वर्षीय अर्जुन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। पुलिस के अनुसार मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या, धमकी तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मामले का संज्ञान लिया। कर्तव्यों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद पाल सिंह और उपनिरीक्षक ओंकार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है। वहीं, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ की ओर से मजिस्ट्रियल जांच की संस्तुति भी की गई है।
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मृतक के स्वजन की जायज मांगों पर नियमानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया है। मंगलवार को पट्टी के वकीलों ने इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया ।