बंगाल के न्यू जलपाई गुडी़ स्टेशन पर हथियार तस्करी की कोशिश नाकाम, बिहार के दो युवक गिरफ्तार!!
स्कूल बैग से बरामद हुये आग्नेयास्त्र,
हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
त्योहारों के मौसम के बीच ट्रेन के जरिये आग्नेयास्त्रों की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुये रेलवे पुलिस ने न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) स्टेशन से बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहन कुमार (20) और गुड्डू कुमार (19) के रूप में हुई है. दोनों बिहार के खगड़िया इलाके के निवासी बताये गये हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी जीआरपी की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और एनजेपी जीआरपी की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर डाउन विवेक एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद ट्रेन के सामान्य कोच में तलाशी अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदेह के आधार पर दोनों युवकों को रोका गया. पुलिस ने उनके पास मौजूद स्कूल बैग की तलाशी ली, जिसमें से आग्नेयास्त्र बरामद हुये. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. एनजेपी जीआरपी सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी अलीपुरद्वार से ट्रेन के जरिये एनजेपी पहुंचे थे. यहां से विवेक एक्सप्रेस में सवार होकर किशनगंज जाने की उनकी योजना थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशनगंज से हथियार लेकर दोबारा ट्रेन के जरिये बिहार के खगड़िया पहुंचने की तैयारी थी. पुलिस को आशंका है कि बरामद हथियारों को बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. मामले के पीछे किसी बड़े हथियार तस्करी गिरोह की संलिप्तता की जांच के लिये जीआरपी ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अदालत से अनुमति मांगी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाये गये थे. इन्हें किसे सौंपा जाना था. और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
Dandari, Begusarai | Oct 31, 2026