बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण में सभी का योगदान जरूरी- श्री चौहान
न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह के तहत् आगर में वृहद विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान एवं जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह के तहत् गुरूवार को मध्यस्थता कक्ष में वृहद विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल कल्याण समिति, अहिंसा वेलफेयर सोसायटी, वन स्टॉप सेंटर का भी सहयोग रहा।
शिविर में बाल विवाह, बाल अधिकार एवं महिला संरक्षण पर विधिक जागरूकता पर जोर दिया गया। साथ ही विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवा योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्जवलित कर किया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान ने बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, जिला न्यायाधीश श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बाल अधिकारों के संरक्षण संबंधी विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं नियमों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों के हित संरक्षण तथा उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम को बाल कल्याण समिति की स्वाति दुबे, श्रीमती कृष्णा कमारिया एवं संदीप चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
इस मौके पर द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री मधुसूदन जंघेल, अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अश्विनी सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री हेमन्त मेहरा एवं बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं एवं बच्चे तथा पक्षकारगण आदि उपस्थित रहे।
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026