🔳खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, मिठाइयों के नमूने लिए
🔳कटनी - दीपावली पर्व के मद्देनजर उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विजयराघवगढ़ एवं कैमोर क्षेत्र में तहसीलदार श्री राजेन्द्र श्रीवास्तव, नगर परिषद कैमोर के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कैमोर स्थित मां बीकानेर मिष्ठान भंडार एवं मामा स्वीट्स इंदौर सेव भंडार से मिल्क केक, मथुरा पेड़ा एवं पेड़ा सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में कमी पाए जाने पर नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा मौके पर जुर्माने की कार्रवाई भी की गई।
टीम द्वारा सुभाष चौक, कटनी स्थित देश भंडार से खोया बर्फी एवं नमकीन के नमूने जांच हेतु संग्रहित किये गये। जबकि बरही क्षेत्र में तहसीलदार श्री संतोष श्रीवास्तव एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की गई। इस दौरान सुयश स्वीट्स से मावा एवं पेड़ा, बीकानेर स्वीट्स से खोवा एवं दूध बर्फी, राजीव स्वीट्स से बर्फी एवं पतीसा, श्री राम स्वीट्स से खोवा एवं बर्फी तथा बस स्टैंड, बरही स्थित शेखर स्वीट्स से पेड़ा एवं मगज लड्डू के नमूने जांच हेतु संग्रहित किये गये।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी