*जिला कलक्टर ने किया परबतसर उपखंड का सघन दौरा*
*मनरेगा स्थल एवं जल जीवन मिशन के कार्यों का किया अवलोकन*
*सीएचसी,आंगनबाड़ी,अन्नपूर्णा रसोई और उचित मूल्य की दुकान किया निरीक्षण*
*जन समस्याओं के निस्तारण एवं कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश*
डीडवाना-कुचामन, 9 जून।
जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना मंगलवार को परबतसर उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और राजकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने अपने दौरे के तहत ग्राम पंचायत कालेटडा में मनरेगा कार्य स्थल पर पहुंचकर श्रमिकों की उपस्थिति (मस्टरोल), उपलब्ध कराए जा रहे टास्क और कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया और सभी श्रमिकों को नियमानुसार पूरा टास्क आवंटित करने, कार्यस्थल पर छाया, पीने का साफ पानी की उपलब्धता के संबंध में निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत पीलवा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पंप हाउस का निरीक्षण किया और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को घरेलू नल कनेक्शन देने के कार्य में गति लाने को कहा। इस दौरान जिला कलक्टर ने उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर उपभोक्ताओं को वितरित किये जाने वाले गेहूं की उपलब्धता, वितरण कार्य, ई- केवाईसी कार्य की जानकारी लेकर निर्धारित समय पर खाद्य सामग्री वितरित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना ने ग्राम पंचायत बाजवास में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, बीमारियों की जांच, मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उपायों, ओपीडी, आईपिडी वार्ड, दवा वितरण केंद्र (DDC) और नि:शुल्क जांच प्रयोगशाला का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी संवाद कर चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पुख्ता रखने और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला कलक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन कर बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की स्थिति जानने के लिए कलक्टर ने ग्राम रिड में आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया।उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता, रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही खिलौनों, प्री-स्कूल शिक्षा सामग्री और बच्चों की उपस्थिति को नियमित रूप से बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत पीह में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया और प्रतिदिन बनने वाले भोजन की गुणवत्ता,प्रतिदिन आने वाले आगंतुकों की संख्या इत्यादि की जानकारी प्राप्त की और भोजन बनाने वाले स्थान पर पूर्ण स्वच्छता रखने और मात्र निर्धारित दर पर आमजन व जरूरतमंदों को सम्मानजनक तरीके से पोष्टिक भोजन परोसने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा संचालित लाईब्रेरी का भी अवलोकन किया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ मिलना चाहिए। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और जन समस्याओं का निस्तारण त्वरित रूप से किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी कुसुमलता चौहान,विकास अधिकारी अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jun 9, 2026