शिक्षकों के आवास भत्ते में कटौती पर गरमाया मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष ने डीएम से की जांच की मांग
अक्टूबर के वेतन में भत्ते की कटौती से हजारों शिक्षक प्रभावित, बकाया राशि के भुगतान और नवंबर से संशोधित दर लागू करने की उठाई मांग
लखीसराय। जिले में शिक्षकों के आवास भत्ता भुगतान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अक्टूबर महीने के वेतन में आवास भत्ते की कटौती किए जाने से हजारों शिक्षक प्रभावित हुए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बावजूद आवास भत्ता निर्धारण में निर्धारित मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इसके कारण बड़ी संख्या में शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से जिले के सभी विद्यालयों की पात्रता की पुनः जांच कराने, अक्टूबर महीने में काटी गई आवास भत्ते की राशि का भुगतान सुनिश्चित करने तथा नवंबर महीने के वेतन में संशोधित दर के अनुसार आवास भत्ता देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच कर शिक्षकों को उनका वाजिब हक दिलाया जाना चाहिए।