जमुई: प्राथमिक विद्यालय केवाल के भवन से टपक रहा पानी, गंदे पानी में प्रवेश कर विद्यालय पहुंच रहे बच्चे
जमुई जिले के बरहट प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय केवाल इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। एक ओर यहां विद्यालय के बाहर सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है तो दूसरी ओर भवन भी जर्जर हो चुका है। छत से पानी टपक रहा है और साफ- सफाई की भी स्थिति दयनीय है। विद्यालय परिसर में घांस भरे हुए है , और जनप्रतिनिधि से लेकर सरकारी मुलाजिम तक लापरवाह बने हुए हैं। बड़ी बात तो यह है कि बच्चे पहले गंदे पानी से होकर गुजरते हैं फिर घांस के बीच से विद्यालय भवन में प्रवेश करते हैं, लेकिन इसका निदान अबतक नहीं निकल सका है। इसकी तस्वीर गुरुवार की सुबह 10:00 बजे सामने आई है।
बताया जाता है कि इस जलजमाव से करीब 150 बच्चों की परेशांनी बढ़ गई है। करीब एक साल से स्कूल के मुख्य रास्ते पर नाले का गंदा पानी जमा है। जलजमाव के कारण सड़क पर काई जम गई है और गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। छोटे बच्चों को पानी के बीच से होकर स्कूल आने-जाने में गिरने का डर बना रहता है। बच्चों का कहना है कि पैर फिसलने पर वे गंदे पानी में गिर सकते हैं, जिससे स्कूल ड्रेस भी खराब हो जाती है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवीन कुमार मंडल के अनुसार स्कूल में करीब 150 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें रोजाना 90 से 95 बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। विद्यालय में छह शिक्षक हैं। बड़े बच्चे किसी तरह ईंटों के सहारे स्कूल पहुंच जाते हैं, लेकिन छोटे बच्चों को ज्यादा परेशानी होती है। कई बार शिक्षक सड़क के बाहर खड़े होकर बच्चों को सुरक्षित तरीके से स्कूल परिसर में पहुंचाते हैं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि जलजमाव की समस्या की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई है। बीईओ की ओर से समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क से पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द कराना जरूरी है।
बरहट के बीडीओ अनिल कुमार मिस्त्री ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में है और ज्वाइनिंग के बाद से ही वे समस्या के समाधान का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी यह स्थिति खराब लग रही है और वे अब तक इलाके का तीन बार दौरा कर चुके हैं। पंचायत स्तर से एक योजना भी ली गई है और सड़क की नापी कराई जाएगी। #jamui #deojamui #vayral
Jamui, Jamui | Oct 8, 2026