#गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
नंदगंज पुलिस की धामपुर घरवा मोड़ के पास कार्रवाई, तमंचा और कारतूस बरामद; घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
गाजीपुर, 3 नवंबर 2026। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार को धामपुर घरवा मोड़ के पास मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओसियर बिन्द (35 वर्ष) पुत्र नीर दयाल उर्फ निर्दयी बिन्द, निवासी ग्राम लखईपुर अवन्ती, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। वह थाना शादियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 72/2026, उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित था।
मुखबिर की सूचना पर नंदगंज पुलिस टीम ने धामपुर घरवा मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
घायल अभियुक्त को पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कई आपराधिक मामलों में रहा है शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ चंदौली और गाजीपुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना नंदगंज में भी वर्ष 2026 में हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। #BreakingNews #GhazipurNews