देहरा पंचायत के मौरा गांव में आग का कहर, 750 गट्ठे घास जलकर राख, पशुओं के चारे का संकट
सर्दियों के लिए एक महीने की मेहनत से जुटाया था चारा, गरीब परिवार ने प्रशासन से लगाई आर्थिक सहायता की गुहार
चुराह,चम्बा : ग्राम पंचायत देहरा के मौरा गांव में आग लगने से सरवण पुत्र चंद का सर्दियों के लिए जमा किया गया करीब 750 गट्ठे घास जलकर राख हो गया। इस घटना से गरीब परिवार के सामने पशुओं के चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सरवण ने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने की कड़ी मेहनत के बाद अपने माल-मवेशियों के लिए सर्दियों का घास इकट्ठा किया था, लेकिन अचानक लगी आग ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा घास जलकर राख हो चुका था।
सरवण का परिवार बेहद गरीब है। उनके पास वर्तमान में चार गायें, एक भैंस और 25 भेड़-बकरियां हैं। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में घास जल जाने से अब सर्दियों में पशुओं के चारे की व्यवस्था करना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दोबारा इतनी मात्रा में घास खरीदना या इकट्ठा करना उनके लिए बेहद मुश्किल है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है, ताकि सर्दियों के दौरान पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था हो सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवार को जल्द राहत प्रदान करने की मांग उठाई है।
Chamba, Chamba | Nov 10, 2026