1318 लाख से बनेगी कटागला-छलाल-रशोल सड़क : विधायक सुंदर सिंह ठाकुर
विधायक ने किया सड़क कार्य का भूमि पूजन
Kullu Times
कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कटागला, छलाल और रशोल गांवों को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना पर कुल 13 करोड़ 18 लाख रुपये (1317.80 लाख रुपये) की लागत आएगी।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह सड़क निर्धारित समयावधि से चार माह पहले, मात्र 12 माह के भीतर, गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। इस अवसर पर गांववासियों ने विधायक का पुष्प-गुच्छों एवं परंपरागत रीति-रिवाज के साथ जोरदार स्वागत किया। वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे कटागला, छलाल और रशोल के ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की सबसे बड़ी मांगों में से एक रही है।
विधायक ठाकुर ने कहा कि सड़क पूर्ण होने पर कटागला, छलाल और रशोल तीनों गांव सीधी सड़क सुविधा से जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अब तक इन गांवों के लोगों को पैदल ही लंबा सफर तय करना पड़ता था। सड़क बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि किसानों को अपनी खेती-बाड़ी की उपज बाजार तक पहुंचाने, चिकित्सा सुविधाओं तक त्वरित पहुंच और बच्चों की शिक्षा में भी सुगमता मिलेगी। उन्होंने इलाका वासियों को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
विधायक ने इस सड़क के लिये विभाग को पार्वती नदी के दोनों छोरों से एक साथ कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शागणा-बलरगा-शिल्ला सड़क को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। साथ ही दुर्गम गांव ग्राहण और नक्शान को भी सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन में जिया चौक से मणिकर्ण तक सड़क सुधार कार्य के लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से 38 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस मार्ग के जर्जर स्थलों का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र सुधार कार्य आरंभ हो सके।
उन्होंने कहा कि जय नाला से आरंभ होकर कटागला, छलाल होते हुए रशोल तक जाने वाली यह सड़क कुल 8.250 किलोमीटर लंबी होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के तहत फॉर्मेशन कटिंग, रिटेनिंग वॉल एवं ब्रेस्ट वॉल निर्माण, बिना लाइनिंग की नालियां, पैरापेट, क्रॉस ड्रेनेज वर्क्स, मक प्रबंधन, सेटिंग आउट, किलोमीटर एवं मीटर पत्थर, सूचना पट्ट तथा एक पुल का निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित सभी महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। छलाल महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने भी इस अवसर पर विधायक से भेंट की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, इंदिरा ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, बीडीसी सदस्य श्याम राखा और मनोज ठाकुर, ईशान ठाकुर, छलाल की प्रधान अमरा देवी, उपप्रधान चुनी लाल, हिमाचल प्रदेश कृषि विकास बैंक के निदेशक किशन ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Sep 11, 2026