देवास पुलिस के 22 अधिकारी-कर्मचारी और 7 उत्कृष्ट विवेचक पुरस्कृत
एसपी पुनीत गेहलोद ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया सम्मानित, बोले—कर्तव्यनिष्ठा ही पुलिस की असली ताकत
देवास। अपराधों के खुलासे, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, गुमशुदा एवं अपहृत लोगों की सकुशल बरामदगी, साइबर फ्रॉड की राशि वापस दिलाने और आमजन की त्वरित सहायता जैसे उत्कृष्ट कार्यों के लिए देवास पुलिस के 22 अधिकारी-कर्मचारियों और 7 उत्कृष्ट विवेचकों को पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सम्मानित कर पुरस्कृत किया।
पुलिस अधीक्षक की इस पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जा रहा है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।
कई उल्लेखनीय उपलब्धियां रहीं
पुरस्कृत पुलिसकर्मियों में 26 वर्षों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी, एनडीपीएस एक्ट के फरार इनामी आरोपी को पकड़ना, मंदिर चोरी और मोटर पंप चोरी की गैंग का खुलासा, 48 घंटे में दो नाबालिगों की सकुशल दस्तयाबी, अपहृता को गुजरात से बरामद करना तथा 9 टन आटे से भरे कंटेनर की डकैती का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मी शामिल रहे।
वहीं एफआरवी टीमों ने रास्ता भटकी वृद्ध महिलाओं, आत्महत्या की धमकी देकर घर से निकले व्यक्ति और जंगल में फंसे 7 यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
साइबर टीम ने अलग-अलग मामलों में पीड़ितों की करीब ₹1.17 लाख की राशि वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
7 विवेचकों ने दिलाई दोषसिद्धि
उत्कृष्ट विवेचना के लिए 7 पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इनके प्रयासों से हत्या के मामलों में उम्रकैद, बलात्कार के मामले में 20 वर्ष, छेड़खानी में 5 वर्ष, धोखाधड़ी में 3 वर्ष तथा अन्य मामलों में आरोपियों को सजा दिलाई गई।
एसपी पुनीत गेहलोद ने सभी पुरस्कृत पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह लगन, मेहनत और निष्ठा के साथ जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते रहें।