बालिका स्कूल के सामने और मुख्य बाजारों में 24 घंटे शराब बिक्री का आरोप, महिला कांग्रेस का मोर्चा
मुख्य बाजार में कथित शराब गोदाम और अवैध ब्रांचों की जांच की मांग, 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
रावतभाटा। शहर में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव वंदना शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बालिका विद्यालय के सामने 24 घंटे शराब बिक्री, मुख्य बाजार के रिहायशी क्षेत्र में कथित शराब गोदाम तथा तहसील क्षेत्र में संचालित बताई जा रही अवैध शराब ब्रांचों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि चारभुजा स्थित संस्कृत बालिका विद्यालय के सामने करीब 20 मीटर की दूरी पर कथित रूप से 24 घंटे शराब उपलब्ध कराई जा रही है। संगठन के अनुसार विद्यालय के सामने शराब बिक्री और शराबियों के जमावड़े से छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में असुरक्षा का माहौल है। महिला कांग्रेस ने मौके का तत्काल निरीक्षण कर शिकायत की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
मुख्य बाजार में कथित शराब गोदाम पर सवाल
महिला कांग्रेस ने मुख्य हाट चौक बाजार के बीच रिहायशी क्षेत्र में कथित अवैध शराब गोदाम संचालित होने का मुद्दा भी उठाया। संगठन का कहना है कि बाजार में महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में रिहायशी क्षेत्र में शराब के कथित अवैध भंडारण और बिक्री की शिकायत गंभीर है। प्रशासन और आबकारी विभाग से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।
अवैध ब्रांचों और देर रात बिक्री पर निगरानी
ज्ञापन में रावतभाटा तहसील क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कथित अवैध शराब ब्रांचों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। साथ ही निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री की शिकायतों पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर औचक निरीक्षण कराने की मांग रखी गई।
महिला कांग्रेस ने विद्यालयों, रिहायशी क्षेत्रों और बाजारों के आसपास विशेष निगरानी, दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
गांधी जयंती पर ड्राई डे की धज्जियां उड़ाने का आरोप, कथित शराब बिक्री पर प्रशासन मौन
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, जिम्मेदारों की भूमिका पर उठे सवाल