आंगन में सो रहे पति-पत्नी के बीच घुसा युवक, विरोध पर पति की मौत का आरोप
पत्नी ने गांव के युवक पर लगाया गला दबाने का आरोप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के करथिया गांव में घर के आंगन में पत्नी के साथ सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक युवक पर घर में घुसकर जबरदस्ती करने का प्रयास करने और विरोध करने पर उसके पति की जान लेने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की पत्नी किरण देवी ने पुलिस को दी तहरीर/बयान में बताया कि बीती रात करीब 11 बजे वह अपने पति अच्छे लाल राठौर के साथ घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास करने लगा। पति-पत्नी ने इसका विरोध किया। किरण देवी का आरोप है कि विरोध के दौरान युवक ने उसके पति का गला दबा दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी के वहां से चले जाने की बात कही गई है।
घटना के बाद किरण देवी ने अपने पति के भाइयों को सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
उपनिरीक्षक उदयपाल सिंह राजावत ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के मुताबिक अच्छे लाल कृषि कार्य के साथ मजदूरी भी करते थे। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके परिवार में पत्नी किरण देवी के अलावा पुत्री अंशिका (19), पुत्र अर्जुन (17), पुत्री कुमकुम (15), पुत्र गौतम (12) और पुत्री सुमन (10) हैं। अंशिका की शादी हो चुकी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।#मोहम्मदाबाद #करथिया #फर्रुखाबाद #संदिग्धमौत #पुलिसजांच #फॉरेंसिकटीम #पोस्टमार्टम #CrimeNews #FarrukhabadNews #Mohammadabad #UPPolice #BreakingNews #LatestNews #LocalNews