कासगंज जा रही ट्रेन की चपेट में आया ई-रिक्शा चालक, मौत
रेलवे ट्रैक किनारे मिला घायल युवक, सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सक ने किया मृत घोषित
नवाबगंज। मंझना गांव स्थित शमसाबाद रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को कासगंज जा रही ट्रेन की चपेट में आने से रोहित यादव पुत्र सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा रेलवे के पोल नंबर 154/11 और 154/10 के पास हुआ। सूचना पर रेलवे कर्मियों ने स्टेशन मास्टर को जानकारी दी, जिसके बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी रजनीश कुमार और पायलट भंवर सिंह घायल युवक को सीएचसी लेकर पहुंचे।
मृतक नवाबगंज नगर के मोहल्ला नया गनीपुर का निवासी था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मौत की सूचना मिलते ही मां रेखा देवी और भाइयों शिवम, अनीश व अवनीश का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी सीएचसी पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
#नवाबगंज #मंझना #शमसाबादरेलवेस्टेशन #ट्रेनहादसा #रेलहादसा #रोहितयादव #ईरिक्शाचालक #कासगंजट्रेन #फर्रुखाबाद #फर्रुखाबादन्यूज #नवाबगंजन्यूज #BreakingNews #TrainAccident #RailwayAccident #FarrukhabadNews #NawabganjNews