प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
07 सितंबर 2026
शीर्षक: उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न। कायाकल्प अभियान के तहत सरकारी परिसंपत्तियों के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों को गति देने हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर हुआ मंथन। समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्य पूरा करने के दिए गए निर्देश
जमुई: उप विकास आयुक्त श्रीमती शिप्रा विजय चौधरी (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आज जिला संवाद कक्ष में कायाकल्प अभियान के तहत जिले की सरकारी परिसंपत्तियों के पुनरुद्धार एवं विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पंचायती राज अधिकारी, सभी प्रखंड विकास अधिकारी, अंचल अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रणाली को सुदृढ़ करना, जन-उपयोगी ढांचागत निर्माण में तेजी लाना तथा कायाकल्प अभियान सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
इस समीक्षा बैठक के क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा जिले की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु सिकंदरा एवं चकाई में प्रस्तावित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट के निर्माण की प्रगति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही पूर्व से निर्मित तथा अक्रियाशील केंद्रों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत का निर्णय लिया गया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को सुचारू रखने के लिए ई-रिक्शा एवं पेडल रिक्शा के सुगम परिचालन व उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए।वहीं, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से सभी अंचल अधिकारियों और मनरेगा कार्यक्रम अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रत्येक प्रखंड में ग्रामीण हाट निर्माण हेतु प्राथमिकता के आधार पर स्थल चयन करने का आदेश दिया गया, जिससे स्थानीय उत्पादों की बिक्री हेतु बेहतर मंच तैयार किया जा सके।
आज के इस महत्वपूर्ण बैठक में कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए उप विकास आयुक्त ने जिले की समस्त सरकारी परिसंपत्तियों की व्यापक सूची बनाकर उनके पुनरुद्धार हेतु ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का आदेश दिया। इसके तहत उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और अस्पतालों सहित सभी जन-उपयोगी परिसंपत्तियों को चिन्हित कर जीर्णोद्धार करने तथा उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आम जनता के लिए सुलभ बनाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास हेतु विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का भौतिक सत्यापन कर संबंधित अंचल अधिकारियों को शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण हाटों के सुदृढ़ीकरण तथा बरहट एवं सिकंदरा अंचल में पंचायत सरकार भवनों के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़ी समस्याओं के तत्काल निष्पादन का आदेश भी उप विकास आयुक्त द्वारा दिया गया।
आगामी पंचायत चुनाव के दृष्टिगत प्रशासनिक तैयारियों को गति प्रदान करते हुए सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को परिसीमन कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान लंबित किस्तों का त्वरित समाधान कर लाभुकों को राशि का भुगतान सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक के अंतिम चरण VB-G RAM G के तहत मानव दिवस सृजन, वृक्षारोपण, आवास लाभार्थियों के मजदूरी भुगतान तथा पंचायती राज व जिला परिषद के 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत व्यय राशि की उपयोगिता की विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर उपरोक्त सभी निर्देशित कार्ययोजनाओं का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Jamui, Bihar | Sep 7, 2026