अंत्योदय परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मिल रही नि:शुल्क यात्रा सुविधा:-उपायुक्त
यमुनानगर, 12 सितंबर- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: हरियाणा राज्य में हरियाणा सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं अंत्योदय परिवारों को सस्ती एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा अंत्योदय परिवहन योजना(हैप्पी कार्ड योजना) संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में प्रति परिवार प्रति वर्ष 1000 किलोमीटर तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त प्रीति ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को शिक्षा, रोजगार, इलाज तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में होने वाले खर्च को कम करना है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख रुपये या इससे कम है, उन्हें योजना के माध्यम से राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यमुनानगर डिपो में वर्ष 2024 के दौरान 88,917 हैप्पी कार्ड प्राप्त हुए, जिनमें से 86,153 कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा 2,764 कार्ड शेष हैं। वहीं मार्च 2026 तक 61,593 नए हैप्पी कार्ड प्राप्त हुए, जिनमें से 12,222 कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। शेष कार्डों का वितरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र वर्गों के लिए भी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को साधारण बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है तथा महिलाओं के लिए बसों में सीट संख्या 6 से 20 तक कुल 15 सीटें आरक्षित हैं। महिलाओं एवं छात्राओं के लिए विशेष बस सेवाए छात्राओं को घर से शिक्षण संस्थान तक 150 किलोमीटर तक बस पास के माध्यम से नि:शुल्क यात्रा तथा दिव्यांग बच्चों, महिलाओं और उनके एक सहायक को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध है।
उपायुक्त ने बताया कि महिला यात्रियों एवं छात्र-छात्राओं की शिकायतों के लिए राज्य सरकार द्वारा बसों पर हेल्पलाइन नंबर 1091, 1098 और 112 अंकित किए गए हैं। राज्य परिवहन द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं को नि:शुल्क यात्रा, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए विभिन्न रियायती बस पास तथा यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित बस सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इलेक्ट्रिक बसों में छात्र-छात्राओं के बस पास को मान्य कर बस सुविधा देने का प्रावधान भी लागू किया गया है। हरियाणा राज्य परिवहन की इन योजनाओं एवं सुविधाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को सुरक्षित, सुगम एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है।