कुछ शब्दों से...
आज वर्कशॉप रोड से विष्णु नगर की ओर जाना हुआ। रास्ते में देखा कि सड़क पार करते समय एक व्यक्ति को तेज रफ्तार पिकअप HR-58B-3612 ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण काफी ब्लीडिंग हो रही थी। मौके पर 112 भी पहुंची ।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर नहीं रुका। आसपास के लोग और राहगीर जमा होते गए, भीड़ तो लग गई, लेकिन घायल की मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा था।
तभी एक स्कॉर्पियो वहां रुकी। उसमें सवार युवक नीचे उतरे और घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठाकर तुरंत सिविल अस्पताल की ओर ले गए। उम्मीद है कि उसे समय पर इलाज मिला होगा और उसकी जान बच गई होगी।
सरकार और जिला प्रशासन भी लगातार लोगों से अपील करते हैं कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करें। इसके बावजूद अक्सर लोग पुलिस और कोर्ट-कचहरी के चक्कर के डर से पीछे हट जाते हैं।
लेकिन हमें यह भी याद रखना चाहिए कि किसी इंसान की जिंदगी से बढ़कर कुछ नहीं है।
आज जिस व्यक्ति ने बिना किसी स्वार्थ के घायल की मदद की, उनका नाम नीला सिंह बताया गया है। ऐसे नेक काम की सराहना होनी चाहिए, ताकि समाज में मदद करने का हौसला बढ़े और लोग भविष्य में भी जरूरतमंद की मदद करने से पीछे न हटें।
(रवि)नीला सिंह जी, आपकी इंसानियत को दिल से सलाम और बहुत-बहुत धन्यवाद। 🙏