Public App Logo
देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विजयागंज मंडी थाना क्षेत्र के रालामंडल में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, तिरंगा यात्रा में शामिल एक डीजे वाहन पेड़ से टकरा गया। बताया जा रहा है कि पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। वाहन के पेड़ से टकराने और डीजे की तेज आवाज के बाद मधुमक्खियां भड़क गईं और देखते ही देखते आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद तिरंगा यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए हैं। घायलों में से चार लोगों को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों का विजयागंज मंडी क्षेत्र के आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही देवास विधायक गायत्री राजे पवार के निर्देश पर नगर निगम सभापति रवि जैन, एमआईसी सदस्य गणेश , चिंटू रघुवंशी, दुर्गेश अग्रवाल, विजय सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। अस्पताल प्रबंधन से घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा की गई। घटना के बाद स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया और तिरंगा यात्रा को आगे बढ़ाया गया। . Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas #dewas #hellodewas #dewasnews - Dewas Nagar News