कायाकल्प अभियान अंतर्गत सरकारी संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से करें कार्य : डी एम
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा जन शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
कायाकल्प अभियान के तहत सरकारी संस्थानों की आधारभूत संरचना को बनाएं बेहतर
बैठक में जिलाधिकारी ने कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य सरकारी संस्थानों की मरम्मती तथा वहां मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अपने-अपने अधीनस्थ संस्थानों की आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक बेहतरीन अवसर है, जिसके माध्यम से जिले के जनोपयोगी सरकारी संस्थानों में व्यापक स्तर पर मरम्मती एवं मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सभी विभाग इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपने संस्थानों को बेहतर, सुव्यवस्थित एवं आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाएं।
सहयोग पोर्टल एवं जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता
सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक तरीके से किया जाए। वरीय पदाधिकारी निष्पादित आवेदनों की नियमित जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान हुआ है। जिला एवं विभिन्न स्तरों पर प्राप्त जन शिकायतों के निष्पादन में भी गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। लंबित न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इनके त्वरित निष्पादन एवं नियमित अनुश्रवण का निर्देश दिया।
अभियान बसेरा में लापरवाही पर सख्ती, 24 घंटे में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
अभियान बसेरा के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पटना जिला के लिए कुल 1,709 का लक्ष्य निर्धारित है। लक्ष्य के विरुद्ध अत्यंत कम उपलब्धि पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को 24 घंटे का समय देते हुए निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा तक लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अंचलाधिकारियों से शो कॉज कर उनका वेतन स्थगित किया जाएगा।
घरेलू गैस पाइपलाइन कनेक्शन में तेजी लाएं
बैठक में गेल (GAIL) इंडिया लिमिटेड द्वारा बिछाई जा रही घरेलू गैस पाइपलाइन एवं गैस कनेक्शन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घरेलू गैस कनेक्शन देने के कार्य में तेजी लाने तथा संवेदकों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि प्रतिदिन अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान यदि कहीं सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो उसकी तत्काल मरम्मती सुनिश्चित की जाए।
पटना मेट्रो के निर्माण कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मती का निर्देश
पटना मेट्रो के निर्माण कार्यों की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से राजेंद्र नगर टर्मिनल एवं समाहरणालय के सामने के क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
#samratchoudhary
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna Police
City of Patna - PMC
Patna Traffic police
Patna, Bihar | Nov 18, 2026