मोरनी पीएचसी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर
मोरनी, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसी कड़ी में सिविल सर्जन, पंचकूला के निर्देशानुसार मोरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्था प्रभारी अधिकारी डॉ. सुनील दहिया एवं डॉ. आकाश सैनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएमएसएमए के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान चिकित्सकों ने महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जांच एवं परामर्श प्रदान किया।
दंत चिकित्सक डॉ. शिल्पा गोगलानी ने मरीजों के दांतों की जांच की। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच, एक्स-रे और ईसीजी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। लोगों के आभा कार्ड बनाए गए तथा एचपीवी को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम में एएनएम पूनम सूद, नर्सिंग ऑफिसर योगेश कुमार, लैब टेक्नीशियन संदीप कुमार, नीलम शर्मा, नाज़िम, सीएचओ गोविन्द, सिमरन, मीरा, रीना, सीमा देवी, ईएमटी विकास, सुनील शर्मा एवं सागर राणा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
मोरनी पीएचसी सेवा संकल्प अभियान #मोरनी #स्वास्थ्य_जांच #सेवा_संकल्प_अभियान #पीएमएसएमए #पंचकूला #स्वास्थ्य_विभाग #एचपीवी_जागरूकता #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण