पंचकूला में ब्लैक फिल्म और नो फेस, नो केस व किडनैपिंग कार जैसे स्लोगन लिखकर घूम रही बोलेरो का 13 हजार का चालान, मौके पर ही उतरवाई ब्लैक फिल्म
पंचकूला/ 17 सितंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा सड़क पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले तथा अपने वाहनों पर भड़काऊ एवं हवाबाजी भरे स्लोगन लिखकर आमजन में गलत संदेश देने वाले वाहन चालकों पर लगातार सख्ती की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ-साथ सड़क पर अपनी दबंगई दिखाने का प्रयास करते हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, आज मनसा देवी मंदिर की लाइटों के पास ट्रैफिक पुलिस की नजर एक ब्लैक फिल्म लगी बोलेरो गाड़ी पर पड़ी। उक्त वाहन पर नो फेस, नो केस और किडनैपिंग कार जैसे हवाबाजी भरे स्लोगन लिखे हुए थे। ट्रैफिक पुलिस द्वारा मौके पर ही वाहन की ब्लैक फिल्म उतरवाई गई तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के संबंध में 13,000 रुपये का चालान काटकर कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस द्वारा सड़क पर हवाबाजी करने वाले तथा वाहनों पर भड़काऊ स्लोगन लिखकर घूमने वाले चालकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पिछले समय में भी ऐसे कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वाहनों पर इस प्रकार के भड़काऊ स्लोगन लिखना सड़क पर गलत संदेश देने के साथ-साथ आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा कर सकता है। पंचकूला पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।