चार लाख से अधिक दीयों से जगमगाया पंचकूला, सेवा संकल्प अभियान का आगाज
275 स्थानों पर हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े जिलावासी
सभी गौशालाओं में हवन-यज्ञ और गौवंश स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
परेड ग्राउंड में उपायुक्त ने (हैप्पी) योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए
पंचकूला, 17 सितंबर : सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से पंचकूला में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ हुआ।
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के निर्देशानुसार जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 275 अलग-अलग स्थानों पर चार लाख से अधिक दीये जलाकर जिलावासियों ने अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान जिलेवासियों ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ने और देश की प्रगति, जनकल्याण तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। दीपों की रोशनी से जिले के विभिन्न स्थानों पर उत्सव जैसा वातावरण नजर आया।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल और खंड स्तर पर स्थित सरकारी भवनों, आंगनवाड़ी केंद्रों, शिक्षण संस्थानों और सामुदायिक केंद्रों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए और हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
*परेड ग्राउंड में उपायुक्त ने जलाया आशीर्वाद का दीया*
परेड ग्राउंड, सेक्टर-5 में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में सहभागिता की। उपायुक्त ने हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन (हैप्पी) योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए। इस कार्ड के जरिए लाभार्थी हरियाणा रोडवेज की बसों में साल भर में कुल 1,000 किलोमीटर तक की मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला श्रीमती मन्नत राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विभागों, संस्थानों और स्थानीय स्तर की इकाइयों ने कार्यक्रम में भागीदारी की। अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके घर-द्वार तक पहुंचाने तथा राष्ट्र सेवा में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के नेतृत्व में जिला स्तर पर अभियान के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्या को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए एसडीएम श्रीमती मन्नत राणा को पंचकूला उपमंडल स्तर पर तथा एसडीएम श्री संयम गर्ग को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
*जनप्रतिनिधियों ने भी निभाई सहभागिता*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता की। विधायक कालका श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मेयर श्री शाम लाल बंसल, अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल ने भी अलग अलग स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम में भाग लिया।
*जिले की सभी गौशालाओं में हवन-यज्ञ और स्वास्थ्य जांच शिविर*
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिले की सभी गौशालाओं में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से गौवंश के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष शिविर लगाए गए, जहां पशु चिकित्सकों ने गौवंश के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाईं।
पंचकूला गौशाला ट्रस्ट, सकेतड़ी में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा लाइव स्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन श्री अशोक सिरसी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस अवसर पर उप निदेशक पशुपालन एवं डेयरी विभाग, पंचकूला डॉ. रणजीत सिंह जादौन तथा गौशाला प्रबंधन की ओर से मैनेजर कृष्ण नंदा भी उपस्थित रहे।
*राष्ट्र सेवा और जनभागीदारी का संदेश*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा की भावना और विकसित भारत के संकल्प के साथ जनभागीदारी के उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला के बजाय जनकल्याणकारी कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के निर्माण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
*18 सितंबर को 108 डायमीटर व्यास की भव्य रंगोली का होगा उद्घाटन*
सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न दिनों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 18 सितंबर को परेड ग्राउंड, सेक्टर-5 में स्थानीय वस्तुओं के प्रयोग से राष्ट्र सेवा को समर्पित 108 डायमीटर व्यास की भव्य रंगोली का भव्य उद्घाटन होगा। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
अभियान के आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और राष्ट्र सेवा में जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।