सुदूर आदिवासी गांव लठिया कोड़ासी में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन, जिला खेल पदाधिकारी ने किया उद्घाटन
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की पहल पर चौरा राजपुर पंचायत के सुदूर आदिवासी गांव लठिया कोड़ासी में बच्चों एवं युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला खेल पदाधिकारी ने गांव के बच्चों के बीच फुटबॉल का वितरण किया। फुटबॉल मिलने से बच्चों एवं युवाओं में काफी उत्साह देखा गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
जिला प्रशासन की ओर से सुदूरवर्ती एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत सुविधाओं के साथ बच्चों एवं युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 20, 2026