नोएडा। सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव की गली नंबर-2 में मंगलवार सुबह इलेक्ट्रिक सामान के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम के अंदर फ्रिज, कूलर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान रखा हुआ था। आग फैलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गोदाम से धुएं का गुबार उठने लगा।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को बुलाया गया। करीब 16 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुबह बंद गोदाम से उठता दिखाई दिया धुआं
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह की है। स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गोदाम मालिक और अग्निशमन विभाग को दी गई।
गोदाम के अंदर फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रिक सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते गोदाम का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
संकरी गली बनी दमकलकर्मियों के लिए चुनौती
गोदाम होशियारपुर की गली नंबर-2 में स्थित होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दमकलकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों से आग बुझाने का प्रयास किया। आग तक पहुंचने के लिए गोदाम के टीनशेड को भी काटना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
.
.
.
.
#Noida #NoidaNews #Sector51 #Hoshiarpur #WarehouseFire