प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–17 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयास से संवरेगी नालंदा की तस्वीर: जिलाधिकारी
• सड़क, नाला, लो-वोल्टेज और बीज उठाव जैसी स्थानीय समस्याओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जवाब-तलब कर तय समय-सीमा में निस्तारण का निर्देश।
• मृत व्यक्तियों के नाम दर्ज भूमि को जीवित उत्तराधिकारियों के नाम ट्रांसफर करने की सरकारी पहल; सहमति पर व्यक्तिगत और विवाद पर संयुक्त परिवार के नाम होगा मालिकाना हक।
• सरकार के व्यापक अभियान के तहत कोई भी पात्र परिवार न छूटे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को छूटे हुए जरूरतमंदों के तत्काल आवेदन कराने की अपील।
बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला प्रशासन एवं जनसंवाद कार्यक्रम के तहत सिलाव प्रखंड सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नालंदा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह (आईएएस) ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता तथा अनुमंडल पदाधिकारी (राजगीर) सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के शुभारंभ में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी महोदया एवं अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर ने संवाद के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करना ही इस बैठक का मुख्य ध्येय है।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपना परिचय देते हुए क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। जनप्रतिनिधि श्री अरुण कुमार ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर लागू करने, नालंदा खंडहर परिसर के आसपास शौचालय निर्माण कराने तथा म्यूटेशन व परिमार्जन के मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थलीय सत्यापन के उपरांत ही निष्पादन करने का आग्रह किया। श्रीमती विभा देवी, श्रीमती रिंकी देवी, मोहम्मद रशद खान, श्री प्रमोद कुमार सिंह, सरपंच श्री अखिलेश शर्मा, श्रीमती नीरा देवी, श्रीमती रंजू देवी, श्री रूपेश कुमार और प्रमुख श्री वीरेंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने महादलित टोले में पक्की सड़क के अभाव, जर्जर सड़कों की मरम्मत, नल-जल योजना की स्थिति, कृषि बीज के उठाव, आंगनबाड़ी केंद्र के समीप जलजमाव, नाला निकासी तथा जर्जर सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार का मामला प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात के लिए उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाने और नालंदा चौराहे पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने की मांग भी रखी गई। वहीं जनप्रतिनिधि श्री राजा बाबू ने आपसी सामंजस्य से स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की बात कही।
सभी जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनने के उपरांत जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में जितनी जवाबदेही प्रशासन की है, उतनी ही सहभागिता जनप्रतिनिधियों की भी है। नालंदा की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय धरोहर के रूप में है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं; अतः क्षेत्र की छवि, स्वच्छता और गरिमा को बनाए रखना हम सभी का साझा दायित्व है। उन्होंने क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त व स्वच्छ रखने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए रविवार को श्रमदान अभियान में बढ़ चढ़कर सहयोग का आह्वान किया। राजस्व मामलों पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्वजों (मृत व्यक्तियों) के नाम पर चली आ रही भूमि को उनके जीवित उत्तराधिकारियों के नाम नामांतरण (दाखिल-खारिज) करने की विशेष सरकारी पहल शुरू की जा रही है, जिसमें आपसी सहमति होने पर संबंधित व्यक्ति के नाम तथा विवाद की स्थिति में सामूहिक रूप से परिवार के नाम पर मालिकाना हक हस्तांतरित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी पात्र व जरूरतमंद परिवारों का शत-प्रतिशत राशन कार्ड बनवाने हेतु जनप्रतिनिधियों से छूटे हुए लोगों का आवेदन कराने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों से उठाई गई समस्याओं पर बिंदुवार जवाब-तलब किया और उनके स्थायी समाधान के लिए निश्चित समय-सीमा तय की। अधिकारियों ने भी अपनी जवाबदेही स्वीकार करते हुए तय समय के भीतर समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी महोदया ने सभी पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रूप से रिसीव करें और जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Food & Consumer Protection Dept., Govt. of Bihar
Public Health Engineering Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar
Bihar Education Department
Social Welfare Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Sep 18, 2026