➡️ जेएच कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए जिला स्तरीय योग-ध्यान सत्र का आयोजन
➡️ जिला स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य निगरानी समिति द्वारा 'हैप्पी बैतूल' अभियान के अंतर्गत जिले भर में आयोजित की जा रही गतिविधियां
➡️ अटल सभागृह में अधिकारियों-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने किया योग एवं ध्यान
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में “हैप्पी बैतूल कैंपेन” के अंतर्गत जिला स्तरीय सामूहिक योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डिस्ट्रिक्ट लेवल मॉनिटरिंग कमेटी एवं आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन के मध्य हुए एमओयू के तहत 17 से 23 अगस्त तक चलाए जा रहे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का हिस्सा रहा।
कार्यक्रम का आयोजन नेशनल टास्क फोर्स के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे तथा समिति की सदस्य-सचिव एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विभागों एवं संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
महाविद्यालय के अटल सभागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम की प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनीता सोनी ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निरोगी शरीर और स्वस्थ मन व्यक्ति को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने में सक्षम बनाते हैं। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते तनाव एवं मानसिक दबाव के बीच योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
योग एवं ध्यान सत्र का संचालन डॉ. निहारिका भावसार, सहायक प्राध्यापक एवं आर्ट ऑफ़ लिविंग प्रशिक्षिका ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को बॉडी स्ट्रेचिंग, फेस योग एवं लाफिंग योग थेरेपी का अभ्यास कराया तथा तनाव कम करने और मानसिक प्रसन्नता बनाए रखने के उपाय बताए। योग प्रशिक्षिका भानुप्रिया भावसार ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और उनके सही तरीके तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर होने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। वहीं आर्ट ऑफ़ लिविंग प्रशिक्षिका श्रीमती जयश्री शाह ने विभिन्न श्वास प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया। इसके बाद परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी की आवाज में निर्देशित ध्यान कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया।
कार्यक्रम में श्री पुष्पराज प्रजापति एवं स्वयंसेवक श्री प्रमोद शाह का भी सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम में माय भारत बैतूल, जिला स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, खनिज विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने योग, ध्यान एवं अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने तथा योग, ध्यान एवं सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।कार्यक्रम के अंत में जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनाली सैनी साहू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय की एनएफटी समिति के सदस्य डॉ. देवी प्रसाद सिंह सिसोदिया, प्रो. गोलू परते, डॉ. शिवदयाल साहू, डॉ. दिव्या दांगी, प्रो. कीर्ति वराठे, प्रो. हितेश जैन एवं प्रो. राकेश कुमार पवार सहित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यार्थियों में विक्रम पहाड़े, अमित घिंडोंडे, तनिष्क, श्रुति एवं अंजू ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026