भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 11 से 18 नवंबर तक पूरे देश में 'जनजातीय गौरव सप्ताह' मनाया जाएगा। इस संबंध में जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित एक पत्रकारवार्ता को केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने संबोधित किया।
पत्रकारवार्ता के दौरान उइके ने बताया कि मात्र 25 वर्ष की आयु में आदिवासी अस्मिता को बचाने और देश को आजादी दिलाने के लिए अपना बलिदान देने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा संगठन समाज और सरकार के साथ मिलकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय नायकों के समाज में योगदान, गौरवशाली विरासत, लोककला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश के आदिवासी जननायकों के बलिदान को स्मरण किया जा रहा है। इसके तहत जनजातीय विकासखंडों में स्थित विभाग के विद्यालयों और छात्रावासों में छात्रों को भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की गाथा बताई जाएगी। साथ ही, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय विद्यालयों में जनजातीय नायकों के योगदान विषय पर सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रम, जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।