*पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ऑटो-टैक्सी पर लगाए गए साइबर जागरूकता पंपलेट*
*साइबर अपराधों से बचाव के लिए आमजन को किया जा रहा जागरूक, ऑटो-टैक्सी के माध्यम से पहुंचाया जाएगा साइबर सुरक्षा का संदेश*
चित्तौड़गढ़, 29 सितंबर। जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिले में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में साइबर थाना पुलिस द्वारा ऑटो एवं टैक्सी वाहनों पर साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जागरूकता पंपलेट चिपकाए गए।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के साथ उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ऑटो एवं टैक्सी वाहनों पर साइबर जागरूकता संबंधी पंपलेट लगाए तथा ऑटो-टैक्सी चालकों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने एवं आमजन तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना के डीवाईएसपी श्री रविन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस निरीक्षक श्री सुमन कुमार, अपराध सहायक श्री जोधाराम सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों द्वारा ऑटो-टैक्सी चालकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं ओटीपी के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा ऑटो एवं टैक्सी जैसे सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से साइबर जागरूकता संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आमजन साइबर ठगी के प्रति जागरूक होकर स्वयं को एवं अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक संबंधी विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।