स्वतंत्रता सेनानी मुंगेरी लाल की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का संकल्प, कहा– उनके आदर्शों पर चलकर मजबूत होगा सामाजिक न्याय का आंदोलन, भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी
गया: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पिछड़ा समाज के प्रखर नेता एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय मुंगेरी लाल की पुण्यतिथि पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी, गया की ओर से राजेंद्र आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मुंगेरी लाल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि स्वर्गीय मुंगेरी लाल केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और पिछड़े समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले जननेता थे। उन्होंने कहा कि मुंगेरी लाल ने अपना संपूर्ण जीवन कांग्रेस की विचारधारा, गरीबों और वंचित वर्गों के उत्थान तथा समाज में समानता स्थापित करने के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व सादगी, संघर्ष और सेवा का अद्भुत उदाहरण था।
उन्होंने कहा कि आज के समय में मुंगेरी लाल के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज में समान अवसर, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके दिखाए मार्ग पर चलना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय मुंगेरी लाल का राजनीतिक और सामाजिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके संघर्ष और सिद्धांतों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उनके अधूरे सपनों को साकार करने तथा सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर युगल किशोर सिंह, प्रदीप शर्मा, विद्या शर्मा, अजय कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद यादव, ओंकार शक्ति, अर्जुन गुप्ता, मोहम्मद नसीम, शिवनाथ प्रसाद, सहदेव यादव, राकेश कुमार, सारिका कुमारी, मदीना खातून, पूनम कुमारी, अंशु सिन्हा एवं सविंदर चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी, गया के मीडिया प्रभारी अशोक भारती ने दी। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय मुंगेरी लाल के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी संगठन द्वारा विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष, त्याग और जनसेवा से प्रेरणा ले सके।
#कांग्रेस
#Congress
#viralvideoシ
#latestnewsgaya
#गयाजी
#BJPGovernment