"कंपनी कह रही है कि नहीं लगा रहे, जो मर्जी हो कर लो.."
भरतपुर। भरतपुर मेडिकल कॉलेज की कंपनी लीड गार्ड के तानाशाही रवैये से परेशान पूर्व संविधा नर्सिंग कर्मियों का आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले अनुभवी कर्मियों की अनदेखी कर लीड गार्ड कंपनी द्वारा उनके स्थान पर नए कार्मिकों की नियुक्ति किए जाने के विरोध में नर्सिंग स्टाफ ने मोर्चा खोल दिया है। पीड़ित नर्सेज कर्मियों ने भरतपुर भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं बताईं। कर्मियों का आरोप है कि प्रधानाचार्य द्वारा बार-बार केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है और नए कर्मियों को हटाने की मांग पर आचार संहिता का बहाना बनाया जाता है। नर्सेज कर्मियों ने मांग रखी है कि स्वीकृत 35 पदों पर वर्षों से सेवा दे रहे अनुभवी संविदा कर्मियों को प्राथमिकता देकर सेवा बहाल की जाए। मांगें पूरी न होने पर कर्मियों ने भाजपा कार्यालय पर अनशन शुरू करने की तैयारी कर ली थी। हालांकि, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा द्वारा अगले दो दिनों में उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद कर्मियों ने फिलहाल अपना अनशन टाल दिया है।