पिता की स्मृति में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
राजीव कॉलोनी निवासी बनवारी लाल के निधन पर उनके परिवार ने रामबाग में किया पौधारोपण
भिवानी, 8 सितंबर। अक्सर लोग अपने परिजन के निधन पर उनकी आत्मिक शांति और स्मृति के लिए तरह तरह के रीति रिवाज और अन्य कार्य करते हैं। लेकिन राजीव कालोनी निवासी धर्मबीर चोपड़ा ने अपने पिता बनवारी लाल के निधन पर उनकी स्मृति में उनकी अस्थियों को कहीं दूर ले जाकर प्रवाहित करने की बजाय राम बाग परिसर में ही कुछ अस्थियों के साथ
परिवार और रिश्तेदारों सहित पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने त्रिवेणी और अन्य छायादार पौधे लगाए।
पौधारोपण के दौरान उन्होंने बताया कि उनके पिता बनवारी लाल का 6 सितंबर को निधन हो गया था, जो करीब 92 वर्ष के थे। उन्होंने भिवानी एसडीएम कार्यालय में 38 साल तक सेवादार के रूप में सेवाएं दी। उनके परिवार ने किसी भी प्रकार की रूढ़िवादिता से दूर जाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया है।
इस दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगल ने कहा कि पौधारोपण बहुत ही पुण्य का कार्य है। पेड़ पौधे पशु- पक्षियों के लिए सबसे बड़ा आश्रय होते हैं। पौधे समान रूप से सभी को आक्सीजन प्रदान करते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें चाहिए कि हम अपने दिवंगत माता-पिता और पूर्वजों की याद में तथा अपने जन्म दिवस पर भी पौधारोपण करें। जितने अधिक पेड़ पौधे लगाए जाएं उतने कम हैं। दिन प्रतिदिन पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। पौधारोपण से ही पर्यावरण को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बनवारी लाल का सादगी के प्रतीक थे। वे मिलनसार स्वभाव के थे।
इस दौरान बनवारी लाल के सुपुत्र नरेंद्र कुमार व सतवीर के अलावा सेवानिवृत्ति मुख्य अध्यापक सुखदर्शन सरोहा, बिजली निगम से सेवानिवृत्ति जेई आजाद सिंह, महेंद्र भुक्कल, दलेल सिंह चांग, बलवान धनाना, राकेश और जतिन सहित परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।